आज के दौर में लोग अपने नाखूनों को सुन्दर दिखाने के लिए काफी फैंसी और स्टाइलिश नेल पॉलिश लगाना पसंद करते हैं| लेकिन जब हम अपने नाखूनों पर नेल पॉलिश लगा रहे होते हैं, तो यह इधर-उधर फ़ैल जाती है और उँगलियों की त्वचा पर भी लग जाती है| खुद के नाखूनों पर नेल पॉलिश लगाना बहुत मुश्किल लगता है| यहाँ हम आपको नेल पॉलिश लगाने का सबसे आसान तरीका बता रहे हैं, जिससे आप नेल पॉलिश लगाना सीख जायेंगे और आपके नाखून सुन्दर भी दिखेंगे|
थोड़ा-सा प्रयास करके और सबसे आसान तरीके को अपनाकर आप भी अच्छी तरह से नेल पॉलिश लगा सकते हैं| यहाँ बताये गए तरीकों से नेल पॉलिश लगाने से आपके क्यूटिकल्स को भी कोई नुकसान नहीं होता है और आप घर पर ही नाखूनों की अच्छी तरह से देखभाल कर सकते हैं|
नेल पॉलिश लगाने के लिए ब्रांडेड नेल पॉलिश खरीदिये| अच्छे ब्रांड की नेल पॉलिश लम्बे समय तक लगी रहती हैं, जल्दी से निकलती नहीं है और ये नाखूनों पर अपना रंग भी नहीं छोड़ती हैं|
नेल पॉलिश की शीशी को लम्बे समय तक खोलकर न रखें| ऐसा करने से नेल पॉलिश चिपचिपी होने लगती है| पुरानी नेल पॉलिश का इस्तेमाल न करें| अपने नाखूनों पर बेस कोट और टॉप कोट लगाना अच्छी बात है| न केवल इसलिए कि इससे आपकी नेल पॉलिश लम्बे समय तक लगी रहती है, बल्कि इसलिए भी कि इससे आपके नाखूनों की सुरक्षा होती है और आपके नाखून कमजोर होकर टूटते भी नहीं हैं| अगर आपके नाखून पहले से ही कमजोर हैं, तो आप नाखूनों को टूटने से बचाने के लिए कुछ घरेलू उपचारों का इस्तेमाल कर सकते हैं|
हम आपको नेल पॉलिश लगाने का सबसे आसान तरीका बता रहे हैं|
Contents
नेल पॉलिश लगाने का तरीका
आवश्यक सामग्री:
- बेस कोट
- नेल पॉलिश
- नेल पॉलिश रिमूवर (नॉन-एसीटोन)
- रुई
- पुराना मेकअप ब्रश
- टॉप कोट
1. नाखूनों से पुरानी नेल पॉलिश को हटा दें
नॉन-एसीटोन नेल पॉलिश रिमूवर की सहायता से पुरानी नेल पॉलिश को हटा दें क्योंकि एसीटोन युक्त नेल पॉलिश रिमूवर का इस्तेमाल नाखूनों को नुकसान पहुंचाता है और नाखून समय के साथ-साथ कमजोर होते जाते हैं|
- रुई में नेल पॉलिश रिमूवर ले लीजिये| इससे नाखूनों पर लगी पुरानी नेल पॉलिश साफ कीजिये| नेल पॉलिश साफ करते हुए अगर रुई गंदी हो गयी है, तो दूसरी रुई ले लीजिये|
- फिर अपने नाखूनों को शेप दे दीजिये| आप घर पर ही आसानी से नाखूनों की देखभाल कर सकते हैं|
2. बेस कोट लगा लीजिये
नाखूनों पर नेल पॉलिश लगाने से पहले बेस कोट लगाना आवश्यक होता है| इससे नेल पॉलिश लंबे समय तक लगी रहती है और आप कोई गहरा रंग लगा रहे हैं, तो आपके नाखूनों पर नेल पॉलिश का रंग भी नहीं लगता है| आपको एक अच्छे ब्रांड के बेस कोट का इस्तेमाल करना चाहिए|
- ब्रश में बेस कोट लीजिये और इसे शीशी के किनारे पर हल्का-सा सटाकर बाहर निकालिए|
- ब्रश को एक नाखून पर दो या तीन बार चलाकर एक पतला बेस कोट लगा लीजिये|
- अब बेस कोट के ऊपर नेल पॉलिश लगाने से पहले बेस कोट को सूख जाने दीजिये|
- नेल पॉलिश को लम्बे समय तक लगाये रखने का यह सबसे आसान तरीका है|
3. अब अपनी पसंदीदा नेल पॉलिश लगाइए 
- पहला कोट लगाने के लिए ब्रश में नेल पॉलिश निकाल लीजिये| अगर ब्रश पर ज्यादा नेल पॉलिश आ गयी है, तो ब्रश को शीशी के किनारों पर सटाकर ब्रश निकालिए|
- ब्रश को नाखून पर क्यूटिकल्स से थोड़ा दूर रखिये|
- अब ब्रश को थोड़ा पीछे की ओर करके फिर एक सीधी रेखा में नेल पॉलिश आगे की ओर लगायें|
- अब ब्रश में फिर से नेल पॉलिश लेकर खाली बचे नाखून के ऊपर रखकर इसी प्रकार से आगे की ओर नेल पॉलिश लगायें|
- नेल पॉलिश को नाखून पर एकसमान करने के लिए ब्रश को नाखून पर कई बार आगे की ओर चलाइये|
- सभी नाखूनों पर ऐसा ही कीजिये|
- अब नेल पॉलिश के पहले कोट को पूरी तरह से सूख जाने के बाद ही दूसरा कोट लगायें|
- दूसरा कोट लगाने के लिए ब्रश में नेल पॉलिश लेकर पहले कोट के ऊपर लगाइए|
- अगर आप और भी गहरा रंग चाहते हैं, तो तीसरा कोट लगा सकते हैं|आम तौर पर दो कोट ही पर्याप्त होते हैं|
4. नाखूनों के किनारों से अतिरिक्त नेल पॉलिश को साफ कर दीजिये
- एक पुराने मेकअप ब्रश को नेल पॉलिश रिमूवर में डुबोइये|
- इससे नाखूनों के आस-पास की त्वचा से अतिरिक्त नेल पॉलिश को ध्यानपूर्वक साफ़ कर दीजिये|
5. टॉप कोट लगा लीजिये
नेल पॉलिश को लम्बे समय तक लगाये रहने और नाखूनों में चमक लाने के लिए टॉप कोट लगाना अनिवार्य होता है| बेहतर रहेगा कि आप अच्छे ब्रांड के जल्दी सूखने वाले टॉप कोट का इस्तेमाल करें|
- ब्रश में टॉप कोट लेकर नाखूनों पर लगा लीजिये| नेल पॉलिश खराब न हो, इसके लिए टॉप कोट को हल्के हाथों से लगायें|
- इसे पूरी तरह से सूख जाने दीजिये|
- बाजार में दो तरह के टॉप कोट मौजूद हैं; एक- नेल पॉलिश को जल्दी सुखाने वाला और दूसरा- सामान्य टॉप कोट| अगर आप सामान्य टॉप कोट का प्रयोग कर रहे हैं, तो आप इसे जल्दी सुखाने के लिए नाखूनों को बर्फ के पानी में भी डुबो सकते हैं| फिर नाखूनों को मुलायम तौलिया से हल्के हाथों से पोछ दीजिये और इन पर बेबी ऑयल लगा लीजिये|
- अब आप नेल पॉलिश लगाना सीख गए हैं| यह नेल पॉलिश लगाने का सबसे आसान तरीका है|

सुझाव
- आप मैनीक्योर करने के लिए प्राकृतिक पदार्थों का इस्तेमाल करें क्योंकि बाजार के पदार्थों में कई तरह के रसायन पाए जाते हैं और ये रसायन आपके नाखूनों की चमक को समाप्त कर देते हैं|
- नेल पॉलिश की शीशी को कभी भी तेजी से हिलाएं नहीं| ऐसा करने से नेल पॉलिश में बुलबुले बन जाते हैं| इसके बजाय आप इसे दोनों हथेलियों के बीच सीधा रखकर रोल कर सकते हैं|
- नेल पॉलिश को जल्दी से सुखाने के लिए जब नेल पॉलिश गीली हो, तब आप इस पर थोड़ा-सा कुकिंग ऑयल स्प्रे कर सकते हैं|
- अगर आप चमकदार रंग की नेल पॉलिश लगा रहे हैं, तो रंग को निखारने के लिए सफ़ेद रंग का बेस कोट लगाइए|
- आप जिस हाथ से काम नहीं करते हैं और जब उसी हाथ से नेल पॉलिश लगा रहे हैं, तो ब्रश को घुमाने के बजाय अपनी उंगलियों को चारों ओर घुमाइए|
- नेल पॉलिश को सूर्य के प्रकाश से दूर रखना चाहिए क्योंकि धूप और गर्मी से नेल पॉलिश जमने लगती है| आप नेल पॉलिश को फ्रिज में भी रख सकते हैं|