चेहरे की सुन्दरता आँखों से ही पहचानी जाती है| जिन लोगों की पलकें लंबी और भौहें घनी होती हैं, उनकी आँखें काफी आकर्षक दिखती हैं| अक्सर ऐसा होता है कि हम जल्दी-जल्दी में किसी व्यक्ति के चेहरे पर भौहों व पलकों पर ध्यान नहीं दे पाते हैं, लेकिन घनी भौहें और लंबी पलकें आपके चेहरे की सुंदरता में और भी अधिक निखार लाती हैं|
बाजार में कई प्रकार के मस्कारा, आइब्रो-पेन्सिल और कृत्रिम (आर्टीफिशियल) पलकें मौजूद हैं| जिन लोगों की पलकें हल्की होती हैं, वे लोग कृत्रिम (आर्टीफिशियल) पलकें लगाते हैं| इन सामग्रियों के नियमित इस्तेमाल से आपकी नैचुरल पलकें कमजोर हो जाती हैं तथा ये कॉस्मेटिक उत्पाद महंगे भी होते हैं|
खान-पान की खराब आदतों और आँखों में कॉस्मेटिक उत्पादों के अधिक इस्तेमाल से भौहों और पलकों पर बुरा प्रभाव पड़ता है| भौहों और पलकों का आकार आनुवंशिकी पर भी निर्भर करता है|
यदि आपकी भौहें और पलकें प्राकृतिक रूप से घनी नहीं हैं, तो हम आपको कम कीमत के एक ऐसे पदार्थ के बारे में बता रहे हैं, जिससे प्राकृतिक रूप से आपकी भौहें और पलकें घनी हो जायेंगी| यह है - कैस्टर ऑयल/अरंडी का तेल|
यह तेल अरंडी के पौधे से निकाला जाता है| इसमें अधिक मात्रा में मोनोसैचुरेटेड वसीय अम्ल पाए जाते हैं| जब इसे भौहों या पलकों पर लगाया जाता है, तो इससे बालों की लम्बाई बढ़ती है और बंद रोमछिद्र भी खुल जाते हैं|
घनी भौहें और लंबी पलकों के लिए कैस्टर ऑयल एक रामबाण उपचार है| आप इसे बालों को घना करने वाले पदार्थ; जैसे एलोवेरा, वैसलीन, बेबी ऑयल, रोजमेरी तेल आदि के साथ मिलाकर भी लगा सकते हैं| यहाँ हम आपको कैस्टर ऑयल के इस्तेमाल के छह सबसे अधिक कारगर तरीके बता रहे हैं|
कैस्टर ऑयल के किसी भी उपचार का इस्तेमाल करने से पहले अपने चेहरे पर लगे मेकअप को क्लींजर व पानी से धो लीजिये|
यदि कैस्टर ऑयल आपकी त्वचा के लिए उपयुक्त नहीं है, तो आप भौहों व पलकों को घना बनाने के लिए किसी अन्य घरेलू उपचार का उपयोग कर सकते हैं|
Contents
विधि 1: कैस्टर ऑयल
अपनी भौहों और पलकों पर कैस्टर ऑयल लगाना एक सुरक्षित तरीका है| इसके इस्तेमाल से आपकी भौहें और पलकें समय के साथ और भी घनी होती जायेंगी| यह गाढ़ा तेल रोमछिद्रों को साफ़ करता है, जबकि इसमें मौजूद वसीय अम्ल बालों को पोषण प्रदान कर मजबूत बनाते हैं|
कैस्टर ऑयल को सोने से पहले इस्तेमाल कीजिये|
अपनी भौहों और पलकों पर कैस्टर ऑयल लगाइए

- सोने से पहले रुई में थोड़ा-सा कैस्टर ऑयल लेकर भौहों व पलकों की जड़ों पर लगा लीजिये|
- इसे ऐसे ही लगा रहने दीजिये और सो जाइए|
- अगली सुबह क्लींजर और पानी से चेहरा धो लीजिये|
घनी भौहें और लंबी पलकों के लिए कैस्टर ऑयल का उपयोग छह से सात दिनों तक कीजिये|
विधि 2: पलकों और भौहों का सीरम
अब आप महँगी व कृत्रिम(आर्टीफिशियल) पलकों का इस्तेमाल छोड़ दीजिये और कैस्टर ऑयल व एलोवेरा जेल का उपयोग करके घर पर ही पलकों का सीरम बनाइये|
कैस्टर ऑयल में पाए जाने वाले वसीय अम्ल बालों को नमी और मजबूती प्रदान करने में सहायक हैं| एलोवेरा जेल बालों को टूटने से बचाने के लिए एक सुरक्षा कवच और प्राकृतिक चमक भी प्रदान करता है| कैस्टर ऑयल और एलोवेरा दोनों में ही एंटीबैक्टीरियल और एंटीफंगल गुण पाए जाते हैं, जो बालों के किसी भी प्रकार के इन्फेक्शन (संक्रमण) को ख़त्म कर देते हैं|
इस सीरम में विटामिन-ई तेल का भी उपयोग किया गया है, जो बालों की वृद्धि में सहायक है|
आवश्यक सामग्री:
- कैस्टर ऑयल (रोगाणुरोधी, बालों की वृद्धि में सहायक) – आधा छोटा चम्मच (लगभग 3 मिली0)
- एलोवेरा जेल – ताजा (बालों को मजबूती और चमक प्रदान करता है) – आधा छोटा चम्मच (लगभग 3 मिली0)
- विटामिन-ई तेल (बालों की वृद्धि में सहायक) – चार कैप्सूल
1. तीनों सामग्रियों को एक कटोरे में मिला लें
- एक कटोरे में आधा छोटा चम्मच एलोवेरा का ताजा जेल निकाल लें|
- इसमें आधा छोटा चम्मच कैस्टर ऑयल मिला लें|
- विटामिन-ई की चार कैप्सूल तोड़कर इसका तेल निकाल लें|
- चम्मच की सहायता से सभी सामग्रियों को अच्छे से मिला लें|
2. मिश्रण को एक बर्तन में भर लें और प्रतिदिन इसे अपनी भौहों व पलकों पर लगायें

- मिश्रण को एक छोटे बर्तन में भर लें|
- सोते समय एक साफ़ मस्कारा-ब्रश की सहायता से मिश्रण को अपनी भौहों और पलकों पर अच्छी तरह से लगायें|
- इसे पूरी रात लगा रहने दीजिये और फिर अगली सुबह चेहरा धो लीजिये|
घनी भौहों और लम्बी पलकों के लिए इस रामबाण उपाय को कम से कम दो माह तक इस्तेमाल कीजिये| इस सीरम को एक सप्ताह तक फ्रिज में सुरक्षित रखा जा सकता है|
विधि 3: कैस्टर ऑयल और शुद्ध नारियल तेल
घनी भौहें और लंबी पलकें पाने के लिए कैस्टर ऑयल को शुद्ध नारियल तेल के साथ मिलाया गया है|
कैस्टर ऑयल और शुद्ध नारियल तेल में आवश्यक वसीय अम्ल पाए जाते हैं, जिन्हें आपकी त्वचा आसानी से ग्रहण कर लेती है तथा ये वसीय अम्ल बालों को गहराई तक नमी प्रदान करते हैं व मजबूत बनाते हैं| साथ ही साथ ये दोनों तेल बालों के रोमछिद्रों को खोलते हैं|
इस विधि में नींबू और लैवेंडर के तेलों का भी इस्तेमाल किया गया है| नींबू का तेल इन्फेक्शन (संक्रमण) से बचने के लिए एंटीबैक्टीरियल के रूप में कार्य करता है| जबकि लैवेंडर का तेल आपकी भौहों और पलकों को पोषण प्रदान करता है|
आवश्यक सामग्री:
- कैस्टर ऑयल (बालों के रोमछिद्रों को पोषण प्रदान करता है) – एक छोटा चम्मच (लगभग 5 मिली0)
- शुद्ध नारियल तेल (बालों के रोमछिद्रों को खोल देता है) – एक छोटा चम्मच (लगभग 5 मिली0)
- नींबू का तेल (एंटीबैक्टीरियल) – एक बूँद
- लैवेंडर का तेल (बालों को पोषण प्रदान करता है) – एक बूँद
1. चारों तेलों को साथ में मिला लीजिये
- छोटे कटोरे में एक छोटा चम्मच कैस्टर ऑयल डालिए|
- इसमें नींबू और लैवेंडर के तेल की एक-एक बूँद डालिए|
- फिर एक छोटा चम्मच शुद्ध नारियल तेल डालिए|
- सभी तेलों को अच्छे से मिला लीजिये|
2. इसे एक शीशी में भर लीजिये और प्रतिदिन अपनी भौहों व पलकों पर लगाइए

- तेल को एक साफ़ शीशी में भर लीजिये|
- एक साफ़ मस्कारा ब्रश को तेल में डुबोकर अपनी पलकों और भौहों पर लगाइए|
- सोने से पहले इसका इस्तेमाल कीजिये और रातभर के लिए छोड़ दीजिये|
- अगली सुबह साबुन और पानी से चेहरा धो लीजिये|
घनी भौहें और लंबी पलकें पाने के लिए इस रामबाण उपचार का इस्तेमाल दो महीने तक कीजिये| आप इस तेल को फ्रिज में तीन से चार महीने तक सुरक्षित रख सकते हैं|
विधि 4: कैस्टर ऑयल और वैसलीन
आपके मेकअप के सामान में वैसलीन की डिब्बी तो होनी ही चाहिए| इसे अपनी भौहों और पलकों पर लगाने से बालों को गहराई तक नमी मिलती है और वृद्धि भी होती है| वैसलीन को कैस्टर ऑयल के साथ मिलाने पर यह भौहों और पलकों के लिए कंडीशनिंग मास्क का काम करती है और इन्हें घना बनाती है|
आवश्यक सामग्री :
- कैस्टर ऑयल (बालों में वृद्धि करता है) – आधा छोटा चम्मच (लगभग 3 मिली0)
- वैसलीन (बालों को नमी प्रदान करती है) – आधा छोटा चम्मच (लगभग 3 ग्राम)
1. वैसलीन और कैस्टर ऑयल को मिला लें
- एक छोटे कटोरे में आधा छोटा चम्मच वैसलीन लीजिये|
- इसमें आधा छोटा चम्मच कैस्टर ऑयल डालिए|
- इन्हें अच्छी तरह से मिलाइए|
2. इसे एक बर्तन में निकाल लीजिये और सप्ताह में तीन बार इस्तेमाल कीजिये

- इस मिश्रण को एक छोटे बर्तन में निकाल लीजिये|
- मिश्रण को अपनी उंगली में लेकर भौहों और पलकों पर लगाइए| इसे अधिक मत लगाइए क्योंकि वैसलीन आपकी पलकों पर भार डाल सकती है, जिससे ये टूट सकती हैं|
- इसे पूरी रात लगा रहने दीजिये|
- अगली सुबह एक सौम्य क्लींजर से चेहरा धो लीजिये|
छह से आठ हफ़्तों में घनी भौहें और लंबी पलकें पाने के लिए इसे सप्ताह में तीन बार इस्तेमाल कीजिये| आप इसे तीन से चार महीने तक फ्रिज में सुरक्षित रख सकते हैं|
विधि 5: कैस्टर ऑयल और बेबी ऑयल
लंबी पलकें होना हर किसी का सपना होता है| इसलिए लंबी पलकें पाने के लिए कैस्टर ऑयल को बेबी ऑयल के साथ मिलाकर इस्तेमाल करें| कैस्टर और बेबी ऑयल दोनों में ही वसीय अम्ल पाए जाते हैं, जो बालों की जड़ों तक नमी पहुँचाने में सहायक हैं| इसके नियमित इस्तेमाल से आपको घनी भौहें और लंबी पलकें मिल जायेंगी|
आवश्यक सामग्री:
- कैस्टर ऑयल (बालों की जड़ों को पोषण प्रदान करता है) – एक छोटा चम्मच (लगभग 5 मिली0)
- बेबी ऑयल (बालों को नमी प्रदान करता है) – एक छोटा चम्मच (लगभग 5 मिली0)
1. कैस्टर और बेबी ऑयल को मिला लीजिये
- एक कटोरे में एक छोटा चम्मच कैस्टर ऑयल डालिए|
- इसमें एक छोटा चम्मच बेबी ऑयल डालिए|
- इन्हें अच्छे से मिलाइए|
2. मिश्रण को प्रतिदिन अपनी भौहों और पलकों पर लगाइए

- रुई में थोड़ा-सा मिश्रण लेकर इसे अपनी भौहों और पलकों पर मालिश कीजिये| इसे पलकों की जड़ों पर इस्तेमाल कीजिये ताकि पलकों को अधिक पोषण मिल सके|
- इसे चार से छह घंटे या पूरी रात लगा रहने दीजिये|
- अगली सुबह पानी से चेहरा धो लीजिये|
अच्छे परिणाम पाने के लिए दो महीने तक प्रतिदिन इसका इस्तेमाल कीजिये|
विधि 6: कैस्टर ऑयल और रोजमेरी तेल
रोजमेरी तेल बालों की वृद्धि के लिए जाना जाता है| इसे कैस्टर ऑयल के साथ मिलाकर भौहों और पलकों पर लगाने से अधिक पोषण मिलता है और तेजी से वृद्धि होती है| रोजमेरी तेल जड़ों को मजबूत बनाता है और बालों को झड़ने से रोकता है|
आवश्यक सामग्री:
- कैस्टर ऑयल (बालों को पोषण प्रदान करता है) – एक छोटा चम्मच (लगभग 5 मिली0)
- रोजमेरी तेल (बालों की वृद्धि करता है) - एक बूँद
1. मस्कारा की खाली शीशी में कैस्टर ऑयल और रोजमेरी तेल को मिलाइए
- मस्कारा की एक खाली शीशी में छोटी कीप की सहायता से कैस्टर ऑयल डालिए, ताकि यह बाहर न फैले|
- इसमें एक बूँद रोजमेरी तेल मिलाइए|
2. इन्हें अच्छे से मिलाकर अपनी भौहों व पलकों पर लगाइए

- मस्कारा की शीशी का ढक्कन बंद करके इसे अच्छे से हिलाइये, ताकि दोनों तेल आपस में मिल सकें|
- सोने से पहले इस तेल को अपनी भौहों व पलकों पर लगाइए|
- इसे रातभर लगा रहने दीजिये और अगली सुबह चेहरा धो लीजिये|
प्रतिदिन दो महीने तक ऐसा करने से आप घनी भौहें और लंबी पलकें पा सकते हैं| इस तेल को आप तीन से चार माह तक फ्रिज में सुरक्षित रख सकते हैं|
सुझाव
- यदि आप प्रतिदिन मेकअप लगाती हैं, तो सप्ताह में कम से कम एक दिन बिना मेकअप के गुजारिये| इससे आपकी त्वचा और बालों के रोमछिद्र स्वस्थ रहेंगे|
- किसी भी प्रकार के इन्फेक्शन (संक्रमण) से बचने के लिए प्रतिदिन मेकअप हटाकर ही सोइये|
- अगर कोई भी मिश्रण अचानक से आपकी आँख में चला जाता है, तो अपनी आँखों को तुरंत ठन्डे पानी से धो लीजिये|