डबल बॉयलर रसोई में काम आने वाला एक उपकरण की तरह होता है| इसे दो बर्तनों से बनाया जाता है- एक बर्तन में पानी गर्म किया जाता है और दूसरे बर्तन में किसी पदार्थ को पिघलाया जाता है|
किसी भी पदार्थ को डबल बॉयलर में पिघलाने या गर्म करने से उसका स्वाद कई गुना बढ़ जाता है और उस पदार्थ में मौजूद पोषक तत्व भी नष्ट नहीं होते हैं| डबल बॉयलर का इस्तेमाल मुख्य रूप से मिठाइयाँ बनाने में किया जाता है| कस्टर्ड या चॉकलेट बनाने, सॉस या ग्रेवी को गर्म करने और मक्खन को पिघलाने में भी डबल बॉयलर का इस्तेमाल किया जाता है|
डबल बॉयलर में पदार्थ सीधे गैस के संपर्क में नहीं आता है| इसमें पदार्थ को बहुत धीमी आंच पर भाप द्वारा पिघलाया या गर्म किया जाता है| डबल बॉयलर के द्वारा आप घर पर ही बेबी लोशन इत्यादि भी बना सकते हैं|
अब आपको डबल बॉयलर पर पैसे खर्च करने की आवश्यकता नहीं है, क्योंकि आप रसोई के सिर्फ दो बर्तनों के इस्तेमाल से घर पर ही डबल बॉयलर बना सकते हैं| और तो और इसे बनाना बहुत आसान होता है|
यहाँ, हम घर पर डबल बॉयलर बनाने के कुछ आसान तरीकों के बारे में बता रहे हैं|
Contents
विधि 1: इंडक्शन अथवा गैस चूल्हे पर इस्तेमाल के लिए
यदि आप डबल बॉयलर का इस्तेमाल गैस चूल्हे पर करना चाहते हैं, तो इसके दो तरीके होते हैं| जब आपको सॉस या चॉकलेट से कोई व्यंजन या मिठाई बनानी हो, तो आप भाप विधि का इस्तेमाल कीजिये| और जब आपको तेल या मक्खन जैसे पदार्थों को पिघलाना हो, तो वाटर बाथ विधि का इस्तेमाल कीजिये|
# भाप विधि
इस विधि के लिए आपको एक सॉस पैन और एक हीट-सेफ बाउल (बड़ा कटोरा) की जरूरत होगी| हीट-सेफ बाउल इतना बड़ा होना चाहिए कि यह सॉस पैन के ऊपर रख जाए, लेकिन इसके अंदर न जाए|
आवश्यक सामग्री:
- एक सॉस पैन
- हीट-सेफ बाउल (एक बड़ा कटोरा)
- पानी
1. सॉस पैन को आधा; पानी से भरकर मध्यम आंच पर चढ़ा दें
- एक छोटे सॉस पैन को गैस पर रखिये|
- इसे आधा; पानी से भर लीजिये|
- गैस को मध्यम आंच पर रखिये|
2. हीट-सेफ बाउल को सॉस पैन के ऊपर रखिये
- हीट-सेफ बाउल को सॉस पैन के ऊपर रख दीजिये|
हीट-सेफ बाउल इतना बड़ा होना चाहिए कि यह सॉस पैन के ऊपरी भाग को पूरी तरह से ढक दे, जिससे भाप बाहर न निकल पाए| हीट-सेफ बाउल और सॉस पैन के तलों के बीच की खाली जगह कम-से-कम चार इंच या इससे अधिक होनी चाहिए|
3. आप जिस भी पदार्थ को पिघलाना चाहते हैं, उसे हीट-सेफ बाउल में डालिए

- आप जिस भी पदार्थ को पिघलाना या गर्म करना चाहते हैं, उसे हीट-सेफ बाउल में डालिए|
- अब यह पदार्थ धीरे-धीरे पिघलने लगेगा|
दोनों बर्तनों के बीच की भाप से पदार्थ आसानी से पिघलने लगता है|
# वाटर बाथ विधि
इस विधि के लिए आपको एक सॉस पैन और एक हीट-सेफ बाउल (छोटा कटोरा) की आवश्यकता होगी| यह हीट-सेफ बाउल; सॉस पैन के तल या किनारों को छुए बिना इसके अंदर चला जाना चाहिए| डबल बॉयलर बनाने का यह एक बहुत आसान तरीका है|
आवश्यक सामग्री:
- एक सॉस पैन
- एक हीट-सेफ बाउल (छोटा कटोरा)
- पानी
- पत्थर के टुकड़े (पेबल्स)
1. सॉस पैन में पत्थर के टुकड़े (पेबल्स) डालकर गैस पर चढ़ाइए
- सॉस पैन में पत्थर के कुछ टुकड़े (पेबल्स) डालकर गैस चूल्हे अथवा इंडक्शन पर रख दीजिये|
- पत्थर के टुकड़े (पेबल्स) डालने से हीट-सेफ बाउल सॉस-पैन के तल में नहीं छुएगा|
2. सॉस पैन में पानी डालिए और गैस को मध्यम आंच पर रखिये
- सॉस पैन में लगभग दो से तीन इंच तक पानी भरिये|
- इसे मध्यम आंच पर चढ़ा दीजिये|
डबल बॉयलर को हमेशा मध्यम आंच पर ही रखना चाहिए| यदि पानी उबलने लगे, तो आंच धीमी कर दें|
3. हीट-सेफ बाउल को सॉस पैन के अंदर रखिये
- अब हीट-सेफ बाउल को सॉस पैन के अंदर रख दीजिये|
- हीट-सेफ बाउल को इस तरह से रखिये कि यह हल्का-सा पानी में डूबा रहे, लेकिन पानी इसके ऊपर तक न आये|
यह ध्यान रखिये कि सॉस पैन और हीट-सेफ बाउल के किनारों के बीच खाली जगह होनी चाहिए, जिससे भाप बाहर निकल सके| इसलिए ऐसे बर्तनों का चयन कीजिये जो एक-दूसरे के अंदर आराम से चले जाएँ और इनके किनारे एक-दूसरे को न छुएं| यदि दोनों बर्तनों के बीच में खाली जगह नहीं होगी, तो सॉस पैन में बनने वाली भाप अंदर ही रह जाएगी, जिससे ब्लास्ट (विस्फोट) हो जाएगा|
4. आप जिस भी पदार्थ को पिघलाना चाहते हैं, उसे हीट-सेफ बाउल में डालें

- आप जिस भी पदार्थ को पिघलाना या गर्म करना चाहते हैं, उसे हीट-सेफ बाउल में डालिए|
- हीट-सेफ बाउल को कांच के ढक्कन से ढक दीजिये|
इस विधि का इस्तेमाल चॉकलेट को पिघलाने के लिए किया जाता है क्योंकि चॉकलेट को पिघलाने में बिल्कुल भी नमी नहीं होनी चाहिए| यदि इसमें नमी का एक अंश भी आ जाता है, तो इससे चॉकलेट का स्वाद खराब हो सकता है| इसके लिए हीट-सेफ बाउल को कांच के ढक्कन से ढक दीजिये, ताकि उबलता हुआ पानी कटोरे में न जाए|
विधि 2: ओवन में इस्तेमाल के लिए
बेक करके पकाने वाली मिठाइयों; जैसे कस्टर्ड या चीज़केक, जिसमें अंडे का प्रयोग होता है, को बनाने के लिए इस तरीके का इस्तेमाल किया जाता है| अंडे के उपयोग वाले व्यंजनों में डबल बॉयलर के इस्तेमाल से व्यंजन काफी नरम बनता है| डबल बॉयलर बनाने का यह भी एक बहुत आसान तरीका है|
आवश्यक सामग्री:
- बेक करने वाली ट्रे (बेकिंग ट्रे)
- पेपर टॉवल्स
- पानी
1. बेकिंग ट्रे पर पेपर टॉवल्स बिछाएं
- बेकिंग ट्रे पर पेपर टॉवल्स बिछा लीजिये|
2. पेपर टॉवल्स पर पानी डालिए
- पेपर टॉवल्स पर पानी डालकर गीला कीजिए, ताकि गर्म होने पर भाप बन सके|
3. बर्तन (कटोरे) को बेकिंग ट्रे पर रखिये
- पिघलाने वाले पदार्थ को कटोरे (माइक्रोवेव सेफ बाउल) में डालकर बेकिंग ट्रे पर रखिये|
4. रेसिपी में बताये गए समय के अनुसार इसे गर्म कीजिये

- रेसिपी के अनुसार ओवन को पहले से गर्म कर लीजिये|
- बेकिंग ट्रे को ओवन में रखकर रेसिपी के अनुसार पकाइए|
सुझाव
- एल्युमीनियम, स्टील और तांबे के बर्तन जल्दी गर्म हो जाते हैं| इन बर्तनों में कुछ भी पकाने में कम समय लगता है| इन बर्तनों में गर्म करने के निशान भी नहीं पड़ते हैं|
- खट्टे पदार्थों के लिए स्टेनलेस स्टील, सेरेमिक या कांच के बर्तन सबसे अच्छे माने जाते हैं|
- डबल बॉयलर बनाने की दूसरी विधि में जो भी रेसिपी आप बना रहे हैं, यदि उसमें अधिक समय लगता है, तो पेपर टॉवल पर अधिक पानी डालें, ताकि रेसिपी पकने तक पर्याप्त पानी बना रहे|
- भाप विधि में नीचे वाले बर्तन में आधे बर्तन से अधिक पानी न भरें, जिससे पानी उबलकर ऊपर वाले कटोरे पर न आए|
- डबल बॉयलर बनाते समय आंच धीमी ही रखें और पानी को लगातार धीरे-धीरे उबलने दें|
- ध्यान दें कि अंदर वाला बर्तन बहुत अधिक गर्म हो जाता है| इसलिए इसे पकड़ने के लिए पकड़ या किसी कपड़े का इस्तेमाल करें|
- गैस बंद करने के तुरंत बाद कटोरे को न उठायें| ऐसा करने से बर्तन में से निकलने वाली भाप से आपका हाथ जल सकता है| गैस बंद करने के कुछ देर बाद ही कटोरे को उठायें|