जब आपका बच्चा स्कूल से घर आता है, तो क्या वह सिर खुजाता है? सबसे पहले आप यही सोचते हैं कि कहीं इसके सिर में जुएं तो नहीं हो गए हैं| यदि आपको भी जूं के कारण सिर में खुजली होती है, तो इसे अनदेखा न करें| जल्द से जल्द इसका उपचार करें|
जुओं की संख्या बहुत तेजी से बढती जाती है, जिससे ये फैलते जाते हैं| यही कारण है कि जुओं को खत्म करना बहुत मुश्किल हो जाता है|
जुएं होने से सिर में खुजली होती है, जिससे कभी-कभी दर्द भी होने लगता है| ऐसा माना जाता है कि अपने शरीर/सिर को साफ़ न रखने से जुएं हो जाते हैं, लेकिन यह हमेशा सत्य नहीं होता है|
जुएं सिर में ही रहते हैं और खून पीकर बड़े होते हैं| इनकी लार से सिर में खुजली होती है| जुएं अपने अण्डों (लीख) से चिपके रहने के लिए एक चिपचिपे पदार्थ का स्राव करते हैं| यह पदार्थ इतना गाढ़ा और चिपचिपा होता है कि सभी अण्डों (लीखों) को निकालना नामुमकिन हो जाता है| यहाँ तक कि ये अंडे(लीखें) जुएं निकालने वाली कंघी से भी नहीं निकलते हैं|
यह कहने की आवश्यकता नहीं है कि आपको सिर की जूं से छुटकारा पाने के लिए अतिरिक्त मेहनत करनी होगी|
कई लोग औषधीय शैम्पू और ओवर-द-काउंटर विलयनों में अपना समय और पैसा दोनों बर्बाद कर देते हैं| जबकि ये शैम्पू भी एक हद तक अपना असर दिखाते हैं|
अंत तक आते-आते आप अपने बालों पर कई तरह के रसायनयुक्त उत्पादों का इस्तेमाल कर चुके होते हैं और फिर भी आप संतुष्ट नहीं होते हैं|
प्राकृतिक तत्वों से बने कुछ घरेलू उपचार बहुत-ही आसान होते हैं| ये उपचार बालों को कोई नुकसान नहीं पहुंचाते हैं और जुओं को भी खत्म करते हैं| इन उपचारों में प्रयोग किये जाने वाले पदार्थ जुओं के लिए जहर का काम करते हैं और उन्हें मार देते हैं|
इन उपचारों के निरंतर इस्तेमाल से जुओं से छुटकारा पाया जा सकता है| यहाँ हम सिर की जूं से जल्द छुटकारा पाने के लिए पांच प्रभावी घरेलू उपचारों के बारे में बता रहे हैं|
Contents
विधि 1: सेब के सिरके के साथ म्योनीज और वैसलीन का इस्तेमाल
आवश्यक सामग्री:
- म्योनीज
- वैसलीन
- सेब का सिरका
1. म्योनीज और वैसलीन का एक पेस्ट बना लीजिये
- एक छोटे कटोरे में थोड़ी-सी म्योनीज निकाल लीजिये|
- इसमें समान मात्रा में वैसलीन मिलाइए|
- दोनों को अच्छे-से मिला लीजिये|
म्योनीज को वैसलीन के साथ मिलाकर लगाने से जुएं मर जाते हैं|
2. पेस्ट को बालों पर लगाइए
- अब इस पेस्ट को हेयर ब्रश की सहायता से बालों पर जड़ों से नीचे की ओर लगाइए|
- इसे छह घंटे के लिए लगा रहने दीजिये| आप इसे पूरी रात भी लगा रहने दे सकते हैं|
- अपने सिर को शावर कैप से ढक लीजिये, इससे जुएं मर जायेंगे|
3. शैम्पू में सेब का सिरका मिलाकर बालों को धो लीजिये

- अपने नियमित इस्तेमाल के शैम्पू और सेब के सिरके की समान मात्रा को मिला लीजिये| शैम्पू में बहुत अधिक सेब का सिरका मिलाने की कोई आवश्यकता नहीं है|
- अब इस शैम्पू से बालों को धो लीजिये|
- फिर अपने बालों को सुखाकर एक महीन कंघी से मृत जुओं को बाहर निकाल लीजिये|
सेब के सिरके के इस्तेमाल से जुओं से निकलने वाला चिपचिपा पदार्थ बालों से निकल जाता है| जिससे कंघी करने में आसानी होती है|
जुओं के प्रजनन चक्र को खत्म करने के लिए इस उपचार को दो महीने तक सप्ताह में दो बार इस्तेमाल कीजिये|
विधि 2: सिरका, नमक और टी ट्री तेल का इस्तेमाल
आवश्यक सामग्री:
- नमक
- सफ़ेद सिरका
- टी ट्री तेल
सामग्रियों को मिला लीजिये
- एक जार में थोड़ा-सा नमक रखिये|
- इसमें समान मात्रा में सफ़ेद सिरका मिलाइए| आप सिरके को गर्म करके भी मिला सकते हैं|
- इसमें टी ट्री तेल की कुछ बूँदें डालिए| टी ट्री तेल की मात्रा अन्य पदार्थों पर निर्भर करती है| उदाहरण के लिए; एक-एक बड़े चम्मच (लगभग 15 ग्राम) नमक और सिरके (लगभग 15 मिली0) में टी ट्री तेल की पांच बूँदें मिलाइए|
- इन्हें अच्छे-से मिला लीजिये|
सेफद सिरके में पाया जाने वाला एसिटिक अम्ल जुओं के लिए जहर का काम करता है| यह जुओं से निकलने वाले चिपचिपे पदार्थ को नरम बना देता है, जिससे इन्हें निकालना आसान हो जाता है| नमक जुओं को डीहाइड्रेट कर देता है|
2. मिश्रण को एक स्प्रे बोतल में भर लीजिये
मिश्रण को एक खाली स्प्रे बोतल में भर लीजिये, जिससे इसे लगाना आसान रहेगा|
3. मिश्रण को बालों पर स्प्रे कीजिये

- मिश्रण को बालों पर जड़ों से नीचे की ओर स्प्रे कीजिये|
- अपने बालों को दो घंटे के लिए शावर कैप से ढक लीजिये|
- फिर अपने बालों पर शैम्पू करके कंडीशनर लगा लीजिये|
- बालों को तौलिये से सुखा लीजिये और फिर एक महीन कंघी से मृत जुओं और लीखों को निकाल लीजिये|
सिर की जूं से जल्द छुटकारा पाने के लिए इस विधि को सप्ताह में दो बार लगातार तीन हफ़्तों तक इस्तेमाल कीजिये|
विधि 3: स्पिरिट (रबिंग अल्कोहल) का इस्तेमाल
आवश्यक सामग्री:
- स्पिरिट (रबिंग अल्कोहल)
- पानी
1. स्पिरिट (रबिंग अल्कोहल) में पानी मिलाएं
- एक स्प्रे बोतल में थोड़ा-सा स्पिरिट (रबिंग अल्कोहल) डालिए|
- इसमें समान मात्रा में पानी मिलाइए|
यह एक प्रभावी कीटाणुनाशी होता है, जो जुओं को मारता है| चूँकि यह बहुत तीक्ष्ण (प्रबल) होता है, इसलिए इसे इस्तेमाल करने से पहले पानी मिलाना आवश्यक होता है| यदि आपके सिर की त्वचा में खुजली के कारण खरोंच लग गयी है, तो इसके इस्तेमाल से आपको जलन हो सकती है|
2. स्पिरिट (रबिंग अल्कोहल) में पानी मिलाकर बालों पर स्प्रे कीजिये
- स्पिरिट (रबिंग अल्कोहल) में पानी मिलाकार बालों को जड़ों से नीचे की ओर स्प्रे करके पूरा गीला कीजिये|
- इसे पांच से दस मिनट के लिए लगा रहने दीजिये|
3. महीन कंघी से मृत जुओं और लीखों को निकाल दीजिये

- एक महीन कंघी से अपने बालों से मृत जुओं और लीखों को निकाल दीजिये|
- स्पिरिट (रबिंग अल्कोहल) को बालों से साफ़ करने के लिए शैम्पू कीजिये|
- अब अपने बालों को तौलिये से सुखा लीजिये|
सिर की जूं से जल्द छुटकारा पाने के लिए इस प्रक्रिया को दो माह तक सप्ताह में दो बार इस्तेमाल कीजिये|
विधि 4: गर्म तेल से मालिश
आवश्यक सामग्री:
- नारियल तेल – आधा कप (लगभग 125 मिली0)
- कपूर, पिसा हुआ – एक बड़ा चम्मच (लगभग 15 ग्राम)
1. कपूर और नारियल तेल को मिलाकर गर्म करें
- पानी से भरे बर्तन (पैन) को गैस पर चढ़ाइए| इस पर कांच का एक छोटा हीट सेफ बाउल रखिये|
- इस बाउल में आधा कप नारियल तेल डालिए|
- इस तेल में एक बड़ा चम्मच पिसा हुआ कपूर मिलाइए|
- अब इसे धीरे-धीरे चलाते रहें|
नारियल तेल में संतृप्त वसीय अम्ल पाए जाते हैं, जो जुओं को मारने का काम करते हैं| यह बालों को अधिक तैलीय बनाकर लीखों की पकड़ को हल्का करता है| कपूर की तीव्र महक से लीखें नष्ट हो जाती हैं, जिससे इन्हें बालों से निकालना आसान हो जाता है|
2. कपूर के तेल से बालों में मालिश कीजिये
- कपूर के तेल को हल्का ठंडा होने दीजिये, ताकि इसे लगाते समय आपके हाथ जलें नहीं|
- कपूर के तेल से उँगलियों की सहायता से बालों में मालिश कीजिये|
- इसे आधे घंटे के लिए बालों में लगा रहने दीजिये|
3. मृत जुओं और लीखों को निकालने के लिए एक महीन कंघी का इस्तेमाल कीजिये

एक महीन कंघी की सहायता से अपने बालों से मृत जुओं और लीखों को निकाल दीजिये| फिर बालों को शैम्पू से धो लीजिये|
इस प्रक्रिया को कम-से-कम तीन हफ़्तों तक सप्ताह में दो बार इस्तेमाल कीजिये| यदि फिर भी जुएं बने रहते हैं, तो इसे आगे भी उपयोग करते रहिये| आप कपूर का तेल अधिक मात्रा में बनाकर रख सकते हैं|
विधि 5: केटाफिल का इस्तेमाल
आवश्यक सामग्री:
- केटाफिल स्किन क्लींजर
1. बालों में केटाफिल लगाकर गीला कीजिये
- बालों में जड़ों से नीचे की ओर केटाफिल लगाइए|
- बालों से अतिरिक्त केटाफिल को कंघी द्वारा निकाल दीजिये| आपके बालों में जितना कम केटाफिल लगा रहेगा, इसे सूखने में उतना ही कम समय लगेगा|
- घने और लम्बे बालों को बड़े दांत वाले कंघे से कुछ भागों में बाँट लीजिये और केटाफिल लगाइए| अब थोड़े-कम महीन दांत वाले कंघे से अतिरिक्त केटाफिल को बालों से निकाल दीजिये|
2. बालों को सुखा लीजिये

- अपने सभी बालों को अच्छी तरह से सुखा लीजिये| केटाफिल लगे बालों को सुखाने में गीले बालों से अधिक समय लग सकता है|
- अपने सिर को आठ घंटों के लिए एक शावर कैप से ढक लीजिये| आप इसका इस्तेमाल सोने से पहले कर सकते हैं|
- इसके बाद बालों में शैम्पू करके कंडीशनर लगा लीजिये|
सूखने पर केटाफिल बालों में चिपकी सभी लीखों को खत्म कर देता है| असल में यह लीखों को जकड़ लेता है, जिससे धीरे-धीरे ये मर जाती हैं| सिर की जूं से जल्द छुटकारा पाने के लिए इस उपचार को तीन हफ़्तों तक सप्ताह में एक बार इस्तेमाल कीजिये| लीखों के प्रजनन को रोकने के लिए इसे लगातार उपयोग करते रहें|
सुझाव
- यदि इन विधियों में इस्तेमाल की गयी सामग्रियों की मात्रा बताई नहीं गयी है, तो यह मात्रा आपके बालों की लम्बाई पर निर्भर करती है| किसी भी उपचार को आजमाते समय सामग्रियों के अनुपात का ध्यान रखें|
- घने बालों को छोटे-छोटे भागों में बाँट लें और महीन कंघी से लीखों को बाहर निकालें|
- जुओं के प्रजनन चक्र को रोकने के लिए किसी भी उपचार को कम-से-कम तीन सप्ताह तक लगातार इस्तेमाल करें| यदि दो बार के इस्तेमाल से ही आपको कोई जूं नहीं दिखती है, फिर भी प्राकृतिक उपचार को लगातार तीन सप्ताह तक इस्तेमाल करते रहिये| यदि एक भी जूं आपकी नज़रों से बच गयी, तो आपको फिर से जूं होने की समस्या हो सकती है|
- सिर की जूं से छुटकारा पाने के लिए किसी भी सिरके या स्पिरिट (रबिंग अल्कोहल) का इस्तेमाल करने से पहले ऊपरी बांह पर एलर्जी की जाँच कर लें| यदि आपको कोई एलर्जी नहीं है, तब ही आप इन उपचारों का इस्तेमाल करें|
- यदि आपको नीम का तेल आसानी से मिल जाता है, तो आप नारियल तेल की जगह नीम के तेल का इस्तेमाल कीजिये| नीम का तेल भी एंटीसेप्टिक होता है| यह सिर की त्वचा को अत्यधिक खुजली से होने वाले दर्द से बचाता है|
- जब आप बालों से लीखों को निकालने के लिए महीन कंघी चला रहे हैं, तो एक मग में नमक के पानी को अपने पास रखें| कंघी को हर बार बालों पर चलाने के बाद इस पानी में डुबोएं| ऐसा करने से कंघी में कोई भी लीख जिंदा नहीं बचेगी|
जूं से छुटकारा पाने वाले उपचारों का इस्तेमाल करते समय सफाई का विशेष ध्यान रखें| उपचार पूरा होने के बाद अपने कपड़ों को धो लें|