प्रकृति ने हमें वरदान के रूप में एलोवेरा जेल प्रदान किया है| कई प्राकृतिक उत्पादों को बनाने में एलोवेरा जेल का उपयोग किया जाता है| लगभग 2000 सालों से स्वास्थ्य और सुन्दरता के लिए एलोवेरा जेल का इस्तेमाल किया जाता रहा है|
एलोवेरा जेल में 99% पानी और 1% एलोवेरा जेल पाया जाता है| इसमें आवश्यक विटामिन; जैसे विटामिन ए, सी, ई, बी12 और फोलिक एसिड पाए जाते हैं, जो एंटीऑक्सीडेंट की तरह कार्य करते हैं|
एलोवेरा में पाया जाने वाला ब्रेडीकिनिन एन्जाइम; त्वचा की अतिरिक्त सूजन को कम करने में सहायक है| इसमें ऑक्सिन और गिब्बर्लिन हार्मोन भी पाए जाते हैं, जो त्वचा को घाव को ठीक करते हैं|
एलोवेरा जेल में कई प्रकार के खनिज तत्व पाए जाते हैं; जैसे कैल्शियम, कॉपर, मैग्नीशियम, पोटैशियम, सोडियम और जिंक, जो शरीर के कई प्रकार के कार्यों में सहायक होते हैं| इसमें पाए जाने वाले वसीय अम्ल इसे एंटीसेप्टिक और दर्द कम करने वाले गुण प्रदान करते हैं|
एलोवेरा जेल फाइब्रोब्लास्ट कोशिकाओं को बढ़ावा देता है, जिससे शरीर में कोलेजन और इलास्टिन फाइबर का उत्पादन बढ़ जाता है| ये फाइबर त्वचा के लचीलेपन को बढ़ाते हैं और झुर्रियों को कम करते हैं| इसमें पाए जाने वाले अमीनो अम्ल; कठोर त्वचा को मुलायम बनाते हैं तथा जिंक की कसैली प्रकृति; रोमछिद्रों के आकार को छोटा करने में सहायक है|
एलोवेरा जेल त्वचा में नमी बनाये रखकर इसे निखारता है| अगर सनबर्न के कारण आपकी त्वचा जल गयी है, तो एलोवेरा जेल सनबर्न से जली हुई त्वचा को भी ठीक करने का काम करता है|
एलोवेरा जेल के इतने सारे फायदों को जानने के बाद आप इसे अपने स्वास्थ्य और सुन्दरता के लिए इस्तेमाल कर सकते हैं| यह सुन्दर और कोमल त्वचा पाने का एक रामबाण तरीका है| आप कील-मुंहासों और उनके जिद्दी दाग-धब्बों से छुटकारा पाने के लिए एलोवेरा का फेस पैक भी बना सकते हैं|
बाजार में एलोवेरा जेल आसानी से मिल जाता है, लेकिन ताजा एलोवेरा जेल का इस्तेमाल करना बेहतर रहता है और इसके कोई साइड इफेक्ट भी नहीं होते हैं| इसलिए आप बड़ी आसानी से घर पर एलोवेरा जेल बना सकते हैं| आप घर पर एलोवेरा का पौधा भी लगा सकते हैं और आपको आवश्यकतानुसार एलोवेरा का ताजा जेल मिलता रहेगा|
लेकिन एलोवेरा जेल बनाने की विधि जानने से पहले इन तीन बातों पर गौर कर लें|
- पौधे में लगे बड़े पत्तों से ही एलोवेरा जेल निकालें| बड़े पत्तों से निकाला गया जेल अधिक फायदेमंद होता है| पौधे से पत्ते को काटने के लिए चाकू को जमीन की ओर तिरछा चलायें|
- काटे गए पत्ते को ऊपर की ओर करके 10 मिनट तक एक गिलास में रखें| ऐसा करने से पत्ते में से निकलने वाला गाढ़ा पीला पदार्थ निकल जाएगा| इस गाढ़े पीले पदार्थ में लेटेक्स पाया जाता है, जो त्वचा में जलन पैदा करता है और शरीर के लिए हानिकारक होता है|
- एलोवेरा जेल निकालने से पहले अपने हाथों को अच्छी तरह से धो लें क्योंकि आपके हाथों पर लगी गंदगी जेल को खराब कर देगी|
बिना कोई पदार्थ मिलाये ताजे एलोवेरा जेल को फ्रिज में एक सप्ताह तक सुरक्षित रखा जा सकता है|
अगर आपके घर में एलोवेरा का पौधा नहीं है, तो आप कटे हुए पत्तों को बाजार से खरीदकर घर पर जेल निकाल सकते हैं|
यहाँ घर पर एलोवेरा जेल बनाने की दो विधियां बताई जा रही हैं|
Contents
विधि 1: ब्लेंडर की सहायता से
शुद्ध और ताजा एलोवेरा जेल बनाने का सबसे आसान तरीका है – एलोवेरा के पत्ते से गूदा निकालकर इसे ब्लेंडर में डालकर जेल बनाना| एलोवेरा जेल बनाने की इस विधि से आप हर पर ताजा एलोवेरा जेल बना सकते हैं|
आवश्यक सामग्री:
- पानी
- एलोवेरा का पत्ता
- धारदार चाकू
- चम्मच
- चॉपिंग बोर्ड
- ब्लेंडर
1. एलोवेरा के पत्ते को साफ़ करके, ऊपर के हरे भाग को काटकर निकाल दें
- साफ़ पानी से एलोवेरा के पत्ते को धो लें|
- चाकू की सहायता से पत्ते के किनारे के कांटेदार भागों को काटकर अलग कर दें| अगर यह पत्ता बहुत बड़ा है, तो आप इसे 8 इंच के भागों में काट सकते हैं, जिससे इसे पकड़ने में आसानी रहे|
- ऊपर के हरे भाग को हटाने के लिए पत्ते के बीच में लम्बाई में एक चीरा लगाइए|
- अब इस हरे भाग को चाकू से निकाल दें| इस भाग को पतला-पतला निकालें, जिससे आपको अधिक जेल मिल सके|
- पत्ते के दूसरे आधे भाग पर से भी हरे भाग को हटा दें|
2. चम्मच की सहायता से इसके गूदे को निकाल लें और ब्लेंडर में पीस लें
- चम्मच के इस्तेमाल से एलोवेरा के गूदे को निकालकर एक कटोरी में रख लें| गूदे के पीले वाले भाग को न निकालें क्योंकि इसमें टॉक्सिन पाया जाता है|
- अब गूदे को ब्लेंडर में डालकर तीस सेकंड तक ब्लेंड कर लें |
- तैयार जेल को एक हवाबंद/एयरटाइट डिब्बे में पलट लें|

एलोवरा जेल बनाने की यह विधि काफी सरल है|
विधि 2: स्क्रैपिंग
अगर आप गाढ़ा और लसदार एलोवेरा जेल बनाना चाहते हैं, तो आप ब्लेंडर का इस्तेमाल न करें| आपको सिर्फ एलोवेरा के गूदे पर चाकू से खरोंचकर जेल निकालकर इसे इस्तेमाल करना है| घर पर ताजा एलोवेरा जेल निकालने की आसान विधि है|
आवश्यक सामग्री:
- एलोवेरा का पत्ता
- चाकू
- चॉपिंग बोर्ड
पत्ते से एलोवेरा जेल निकाल लें
- साफ पानी से एलोवेरा के पत्ते को धो लें और कांटेदार किनारों को चाकू से निकाल दें|
- पत्ते के ऊपर के हरे छिलके को निकाल दें|
- अब पत्ते को कटोरी के ऊपर रखकर चाकू से जेल निकाल लें| चाकू को एलोवेरा के गूदे पर चलाने से यह कट जाएगा और इसमें से जेल निकल आएगा| इसी प्रकार से पूरा जेल निकाल लें|
- प्राप्त एलोवरा जेल को एक हवाबंद/एयरटाइट डिब्बे में पलटकर फ्रिज में रखें| एलोवेरा जेल बनाने की यह विधि बहुत ही आसान है|

सुझाव
- आप त्वचा पर एलोवेरा जेल के प्रभाव को बढ़ाने के लिए विटामिन-ई कैप्सूल से तेल निकालकर एलोवेरा जेल में मिला सकते हैं| विटामिन-ई का तेल त्वचा की रक्षा करता है|
- आप एलोवेरा जेल में खुशबू लाने के लिए थोड़ा-सा गुलाब जल भी मिला सकते हैं| सादे एलोवेरा जेल की महक आपको अच्छी नहीं लग सकती है|
- सिर्फ त्वचा की जलन या सूजन को कम करने के लिए एलोवेरा जेल का इस्तेमाल किया जाना चाहिए क्योंकि यह गहरे घावों के लिए उपयुक्त नहीं होता है|
- गर्भावस्था के दौरान एलोवेरा का सेवन नहीं करना चाहिए क्योंकि यह गर्भाशय को सिकोड़ने का काम करता है|