यदि आपकी त्वचा रूखी और बेजान है, तो आप अधिक उम्र के दिखते हैं| बहुत अधिक रूखेपन से आपकी त्वचा बेजान हो जाती है, त्वचा की रंगत खराब हो सकती है और कई बार तो त्वचा पर पपड़ी जम जाती है| सर्दियों के महीनों में जब हवा में नमी की कमी होती है, तो हमारी त्वचा अक्सर ही रूखी हो जाती है और इसकी ऊपरी परत निकलने लगती है| रूखेपन से आपकी त्वचा में एक्जिमा व डर्मेटाइटिस जैसी स्थितियां भी बन सकती हैं|
अधिक गर्म पानी से ज्यादा समय तक नहाने, कठोर साबुन या कठोर सौन्दर्य उत्पादों का उपयोग करने, सफाई करने वाले पदार्थों के संपर्क में आने और एलर्जी से भी त्वचा रूखी हो जाती है|
रूखी त्वचा के लिए बाजार में कई तरह के फेस पैक उपलब्ध हैं| उनमें से कई फेस पैक में रासायनिक पदार्थों का इस्तेमाल किया जाता है, जो आपकी कोमल त्वचा को हानि पहुंचा सकते हैं|
लेकिन अब आपको इन उत्पादों की जरूरत नहीं है| रूखी त्वचा से छुटकारा पाने के लिए घरेलू फेस पैक का इस्तेमाल करके आप अपनी त्वचा को पोषण और नमी प्रदान कर सकते हैं|
यदि आप अपनी त्वचा पर प्राकृतिक उत्पाद इस्तेमाल करने के शौक़ीन हैं, तो त्वचा को रूखी होने से बचाने, त्वचा की रंगत निखारने, मुंहासों को कम करने, चेहरे के दाग-धब्बों से छुटकारा पाने के लिए आप प्राकृतिक तत्वों से बने फेस पैक का उपयोग कर सकते हैं|
रूखी त्वचा को पोषण और नमी प्रदान करने के लिए हम आपको कुछ घरेलू फेस पैक के इस्तेमाल के तरीके बता रहे हैं|
Contents
विधि 1: शुद्ध नारियल तेल और शहद (रॉ-हनी) का फेस पैक
शुद्ध नारियल तेल में अत्यधिक वसा पायी जाती है, जो आपकी त्वचा को तैलीय बनाये बिना ही पोषण और नमी प्रदान करती है| इसमें मुंहासों को रोकने और त्वचा के संक्रमण को नियंत्रित करने का भी गुण पाया जाता है|
शहद में एंटीबैक्टीरियल गुण पाया जाता है, जिससे यह त्वचा को नम और कोमल बनाये रखता है| शहद खरीदते समय यह ध्यान रखें कि आप शुद्ध शहद (रॉ-हनी) ही खरीद रहे हों|
लैवेंडर के तेल में जलन को ख़त्म करने का गुण पाया जाता है और यह आपकी त्वचा को सुगन्धित महक प्रदान करता है|
आवश्यक सामग्री:
- शुद्ध नारियल तेल (पोषण और नमी प्रदान करता है) – दो बड़े चम्मच (लगभग 30 मिली0)
- शहद (नमी प्रदान करता है) - एक चौथाई कप (लगभग 60 मिली0)
- लैवेंडर का तेल (जलन कम करता है)- दो से तीन बूँद
1. एक कटोरे में शुद्ध नारियल तेल, शहद और लैवेंडर का तेल मिलाइए
- कटोरे में एक चौथाई कप शहद डालिए|
- इसमें दो बड़े चम्मच शुद्ध नारियल तेल डालिए|
- फिर इसमें लैवेंडर के तेल की दो से तीन बूँदें मिलाइए|
2. इस मिश्रण को फेंटकर चेहरे पर लगाइए

- हैण्ड ब्लेंडर की सहायता से मिश्रण को फेंट लीजिये|
- फेस पैक ब्रश की सहायता से इसे अपने पूरे चेहरे पर लगाइए|
- इसे पंद्रह से बीस मिनट के लिए लगा रहने दीजिये|
- फिर चेहरे को धोकर तौलिये से पोछ लीजिये|
- चेहरे में नमी बनाये रखने के लिए एक हल्की क्रीम लगाइए|
आप कोमल और नमीयुक्त त्वचा पाने के लिए घर पर बने इस फेस पैक को सप्ताह में दो बार इस्तेमाल कर सकते हैं| आपको पहली बार के इस्तेमाल से ही अच्छे परिणाम देखने को मिलेंगे|
विधि 2: केले का फेस पैक
केले में बहुत अधिक पोषक तत्व पाए जाते हैं, जो कई प्रकार से हमारे स्वास्थ्य के लिए लाभकारी होते हैं| लेकिन क्या आप जानते हैं कि यह फल आपकी त्वचा और बालों के लिए भी बहुत फायदेमंद होता है?
इस फल में नमी के साथ-साथ पोटैशियम, विटामिन-ई व सी जैसे खनिज तत्व भी पाए जाते हैं, जो आपकी त्वचा को नमी से भरपूर रखते हैं|
शहद (रॉ-हनी) आपकी त्वचा में नमी बनाये रखने में सहायक है तथा यह आपके चेहरे को सोने जैसा निखार प्रदान करता है| दही भी आपकी रूखी त्वचा को पोषण प्रदान करता है|
आवश्यक सामग्री:
- केले (पोषण और नमी प्रदान करते हैं) – 2
- शहद (नमी बनाये रखता है) – एक बड़ा चम्मच (लगभग 15 ग्राम)
- दही (त्वचा की रंगत निखारता है) - एक चौथाई कप (लगभग 55 ग्राम)
1. दो केलों को छीलकर पीस लें
- दो पके हुए केलों को छीलकर एक कटोरे में रखें|
- कांटे की सहायता से इन्हें अच्छे से पीस लें|
2. दही और शहद मिलाइए
- पिसे हुए केलों में एक चौथाई कप दही मिलाइए|
- साथ ही एक बड़ा चम्मच शहद भी मिलाइए|
3. चेहरे पर लगाइए

- स्पैचुला/चम्मच की सहायता से मिश्रण को मिला लीजिये|
- अब फेस पैक ब्रश की सहायता से इसे चेहरे पर लगा लीजिये|
- इसे बीस मिनट अथवा सूखने तक चेहरे पर लगा रहने दीजिये|
- फिर पानी से चेहरा धोकर तौलिये से पोछ लीजिये|
आप चेहरे में नमी बनाये रखने के लिए एक सौम्य क्रीम भी लगा सकते हैं|
रूखी त्वचा से छुटकारा पाने के लिए इस घरेलू फेस पैक का इस्तेमाल सप्ताह में दो या तीन बार कीजिये| इसके नियमित इस्तेमाल से आपकी त्वचा में निखार आएगा और नमी बनी रहेगी|
विधि 3: एलोवेरा और मलाई (फ्रेश क्रीम) का फेस पैक
एलोवेरा के एंटीबैक्टीरियल गुण के कारण त्वचा को ठीक करने के लिए सदियों से परंपरागत चिकित्सा में इसका उपयोग होता आ रहा है| इस जेल के इस्तेमाल से आप मुंहासों और उनके दागों को भी खत्म कर सकते हैं|
मलाई में अच्छी वसा होती है और यह त्वचा को पोषण प्रदान करती है| इसलिए एलोवेरा जेल के साथ मलाई का भी इस्तेमाल किया गया है क्योंकि सिर्फ एलोवेरा जेल के इस्तेमाल से आपकी त्वचा और भी रूखी हो जायेगी|
यदि आपके पास घर पर मलाई मौजूद नहीं है, तो आप बाजार या डेयरी से मलाई (फ्रेश क्रीम) खरीद सकते हैं| मलाई (फ्रेश क्रीम) आपको खुली या डिब्बाबंद दोनों प्रकार की मिल जायेगी|
आवश्यक सामग्री:
- एलोवेरा जेल (त्वचा को नमी प्रदान करता है) – दो बड़े चम्मच (लगभग 15 ग्राम)
- मलाई (पोषण और नमी प्रदान करती है) – एक चौथाई कप (लगभग 32 ग्राम)
1. एक कटोरे में एलोवेरा जेल और मलाई को मिला लीजिये
- एक कटोरे में एक चौथाई कप मलाई लीजिये|
- अब इसमें दो बड़े चम्मच एलोवेरा का ताजा जेल मिलाइए|
2. इसे मिलाकर चेहरे पर लगाइए

- इन्हें मिलाकर फेस पैक ब्रश की सहायता से चेहरे पर लगा लीजिये|
- इसे आधे घंटे के लिए चेहरे पर लगा रहने दीजिये ताकि आपकी त्वचा इनसे नमी और पोषण ग्रहण कर सके|
- फिर पानी से चेहरा धोकर तौलिये से सुखा लीजिये|
इस फेस पैक को लगाने के बाद आपको कोई भी क्रीम लगाने की आवश्यकता नहीं है|
रूखी त्वचा से छुटकारा पाने के लिए इस घरेलू फेस पैक को सप्ताह में चार बार इस्तेमाल कर सकते हैं|
विधि 4: ओटमील (जई की दलिया), दूध और शहद का फेस पैक
ओटमील पाउडर आपकी रूखी त्वचा के लिए काफी फायदेमंद होता है| यह स्क्रब की तरह कार्य करता है, जो त्वचा से मृत कोशिकाओं को हटाता है, और साथ ही नमी प्रदान करता है|
ओटमील में पाए जाने वाले अमीनो एसिड त्वचा को रूखा होने से बचाते हैं| दूध में बहुत अधिक वसा और पोषक तत्व पाए जाते हैं, जो आपकी शुष्क और बेजान त्वचा को पुनः जवां बनाते हैं|
आवश्यक सामग्री:
- ओटमील पाउडर (मृत कोशिकाओं को हटाता है) – दो बड़े चम्मच (लगभग 30 ग्राम)
- शहद/रॉ-हनी (नमी प्रदान करता है) – दो बड़े चम्मच (लगभग 30 ग्राम)
- दूध-पाउडर (त्वचा को गहराई तक पोषण प्रदान करता है) – दो छोटे चम्मच (लगभग 10 ग्राम)
- लैवेंडर का तेल (जलन को कम करता है) – दो से तीन बूँद
1. ओटमील पाउडर, दूध, शहद और लैवेंडर के तेल को आपस में मिलाइए
- एक कटोरे में दो छोटे चम्मच ओटमील पाउडर लीजिये|
- इसमें दो छोटे चम्मच दूध का पाउडर मिलाइए|
- इसमें दो छोटे चम्मच शहद डालिए|
- अब इसमें लैवेंडर के तेल की दो से तीन बूँदें डालिए|
2. अच्छे से मिलाकर चेहरे पर लगाइए

- सभी सामग्रियों को मिला लीजिये|
- फेस पैक ब्रश की सहायता से तैयार पैक की पतली परत अपने चेहरे पर लगाइए|
- इसे पंद्रह मिनट के लिए ऐसे ही छोड़ दीजिये फिर गुनगुने पानी से चेहरा धो लीजिये|
- चेहरे पर नमी बनाये रखने के लिए एक सौम्य क्रीम लगा लीजिये|
अपनी त्वचा को रूखी होने से बचाने के लिए इस घरेलू फेस पैक का इस्तेमाल सप्ताह में तीन से चार बार कीजिये|
ओटमील त्वचा को पोषण प्रदान करता है| इसलिए जब कभी भी त्वचा के रूखे हो जाने से आपके चेहरे पर लाल निशान पड़ जाएँ, तब भी आप इस फेस पैक का इस्तेमाल कर सकते हैं|
विधि 5: अंडे और जैतून के तेल (ऑलिव ऑइल) का फेस पैक
अंडे के पीले भाग में पानी और वसा पाया जाता है| इस भाग को अंडे की जर्दी कहा जाता है| जो आपकी त्वचा को न केवल पोषण प्रदान करता है, बल्कि नमी को भी बरकरार रखता है|
जैतून का तेल आपकी त्वचा में नमी बरकरार रखता है साथ ही यह आपकी त्वचा को चिपचिपा भी नहीं होने देता है| इसमें विटामिन-ई भी पाया जाता है, जो त्वचा के लचीलेपन को बनाये रखता है| इसमें केला मिलाकर पैक बनाने से बहुत अधिक रूखी और पपड़ी वाली त्वचा से भी छुटकारा मिलता है|
आवश्यक सामग्री:
- अंडे की जर्दी (नमी बनाये रखता है) – एक अंडा
- शुद्ध जैतून का तेल (विटामिन-ई पाया जाता है)- एक छोटा चम्मच (लगभग 5 मिली0)
- केला (पोषण और नमी प्रदान करता है) – आधा
1. अंडे की जर्दी को अलग कीजिये
- एक अंडे को तोड़कर इसके सफ़ेद भाग को कटोरे में निकाल लीजिये|
- फिर इस पीले भाग को एक अलग कटोरे में निकाल लीजिये|
2. आधे केले को छीलकर पीस लें
- आधे केले को छीलकर छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लीजिये| इससे पीसने में आसानी होगी|
- पीसने के लिए कांटे का इस्तेमाल कीजिये|
3. अंडे की जर्दी और जैतून का तेल मिलाइए
- पिसे हुए केले में अंडे की जर्दी मिलाइए|
- फिर इसमें एक छोटा चम्मच शुद्ध जैतून का तेल डालिए|
4. अच्छे से मिलाइए और अपनी त्वचा पर लगाइए

- सभी सामग्रियों को आपस में मिला लीजिये|
- फेस पैक ब्रश की सहायता से इसे चेहरे पर लगा लीजिए|
- इसे पंद्रह मिनट के लिए त्वचा पर लगा रहने दीजिये|
- फिर त्वचा को ठंडे पानी से धोकर तौलिये से पोछ लीजिये|
- अब त्वचा में नमी बनाये रखने के लिए नारियल के तेल की दो से तीन बूँदें लगा लीजिये|
रूखी त्वचा से छुटकारा पाने के लिए इस घरेलू फेस पैक का उपयोग सप्ताह में एक या दो बार कीजिये|
सुझाव
- फेस पैक लगाने के बाद आपके बाल चेहरे पर बार-बार न आयें इसके लिए अपने बालों की चोटी बना लीजिये या पिन लगा लीजिये|
- आप अपने सभी बालों को पीछे करके हेयर बैंड भी लगा सकते हैं|
- फेस पैक लगाते समय यह जमीन पर न गिरें, इसके लिए आप बाथरूम में या रसोई के सिंक के पास खड़े होकर लगायें|
- यदि आपकी त्वचा बहुत रूखी है, तो आप रात में सोते समय अपने चेहरे पर नारियल और शुद्ध जैतून का तेल भी लगा सकती हैं|